सम्मान कराने के लिए पत्रकारों से भरवाए फॉर्म हम कदम अलंकरण समारोह का हुआ भव्य आयोजन
चाय पान और नाश्ते की दुकानों पर बैठे समीक्षकों की कमी नहीं कौन क्या क्या अपने बिचार व्यक्त करता है पढ़िए यलगार टाइम्स, हरदा। नगर में युवाओं की टीम द्वारा हम कदम ग्रुप द्वारा बीते कुछ समय से नगर के हितार्थ कार्यों में योगदान किया जा रहा है। इसके साथ ही क्षेत्र के विभिन्न वर्गों को अपने साथ जोडऩे की दिशा में भी अनुकरणीय पहल की जा रही है। गत वर्ष इस ग्रुप द्वारा शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में एक कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षकों का सम्मान कर गुरूओं के प्रति आदरांजलि अर्पित की थी। इसे आगे बढ़ाते हुए ग्रुप ने इस साल साहित्यकारों-लेखकों, पत्रकारों और छायाकारों का सम्मान करने का प्रयास किया है। स्थानीय हरदा डिग्री कॉलेज के सभागार में आयोजित भव्य कार्यक्रम का सुव्यवस्थित ढंग से संचालन करने का प्रयास किया गया मगर इस दौरान अपेक्षा से अधिक संख्या में आई भीड़ के कारण व्यवस्था बिगड़ती दिखाई दी। शहर के कलमकारों और बुद्धिजीवियों पर केंद्रित अलंकरण को लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। जानकारी के अनुसार हम कदम ग्रुप द्वारा इस सम्मान के लिए पत्रकारों और छायाकारों से फॉर्म भरवाये गए। बताते हैं कि जब ऐसे फॉर्म भेजकर इन्हें भरने के साथ अपनी उत्कृष्ट लेखन वाली रिपोर्ट आदि जमा करने को कहा गया तो कई पत्रकारों ने इसे अपमानजनक माना। उनकी खबरों या समीक्षाओं को पाठक रुचिपूर्वक पढ़ते हुए उस पर विश्वास जताते आए हैं अब उन्हें अपनी खबरों की प्रतियां संलग्न कर सम्मान पाने के लिए फॉर्म जमा कराना ठीक नहीं लगा। जानकारों का कहना था कि इसके लिए संबंधित प्रतिष्ठानों के कार्यालयों से ही यदि अच्छे कार्य करने वालों के प्रस्ताव आमंत्रित किये जाते तो ज्यादा उचित रहता। सम्मान समारोह में एक दो नामों को दल विशेष का हिमायती मानकर उन्हें शामिल करने की भी चर्चा बनी रही। बहरहाल शहर में पहली बार हुए इस तरह के आयोजन में हुई त्रुटियां आने वाले वर्षों में सुधारकर ऐसे अलंकरणों की निष्पक्षता बनाने की कोशिश की जाएगी ऐसी अपेक्षाएं की जा रही है।
Comments