औषधि निरीक्षक की जबरन वसूली का भांडाफोड़

मुकेशदुबे
हरदा- जिले में पदस्थ औषधि निरीक्षक सुश्री गीता पटोदिया द्वारा मेडिकल स्टोर से अनावश्यक वसूली की जा रही है। इस वसूली का भंडाफोड़ होने पर जिला कलेक्टर ने इस मामले को गंभीरता से लेकर कारण बताओ नोटिस देकर तीन दिवस के भीतर जवाब तलब किया है। कारण बताओ नोटिस में मेडिकल स्टोर के नवीन/ नवीनीकरण के प्राप्त आवेदनों की जानकारी बुलाई गई है। कितने आवेदन आए और कितने लंबित है इसकी जानकारी समय सीमा में देने का निर्देश जारी किया गया है। जिला कलेक्टर के इस आदेश से मेडिकल स्टोर से हो रही वसूली का खुलासा हो गया है । जहां एक ओर अवैध तरीके से वसूली की जा रही है वहीं दूसरी ओर निर्धारित दिनों में भ्रमण कर सख्ती से कार्यवाही नहीं की जा रही और ना ही कार्यवाही रिपोर्ट की दी जा रही है। विगत 2 माह के भीतर औषधि निरीक्षक द्वारा कितने भ्रमण किए गए और इस दौरान क्या कार्यवाही की गई इसकी जानकारी नोटिस में मांगी गई है। इस नोटिस से लंबे समय से व्याप्त अनियमितता की पोल खुल गई है। मेडिकल स्टोर के संचालक द्वारा नियमों को ताक पर रखकर जहां दवाइयां महंगी बेची जा रही है वही टैक्स की चोरी कर शासन को लाखों रुपए का चूना लगाया जा रहा है। इसकी निष्पक्षता से जांच होगी तो जिला मुख्यालय में कुकुरमुत्ते की तरह हर गली मोहल्ले में खुले मेडिकल स्टोर में लंबे समय से हो रही मनमानी का खुलासा हो जाएगा ,साथ में प्रतिबंधित दवाइयों की बेरोकटोक बिक्री का भी खुलासा हो जाएगा। जिन दवाइयों की बिक्री पर प्रतिबंध है उन्हें भी बेरोकटोक बेचा जा रहा है जिसे नजर अंदाज किया जा रहा है। जिला कलेक्टर सारे मामले की गहन जांच पड़ताल करवाए तो बरसों से घोर अनियमितताओं का चल रहा गोरखधंधा जगजाहिर हो जाएगा।

Comments

Share