महिलाओं की सुरक्षा मध्य प्रदेश पुलिस का पहला कर्तव्य- कुरील
महिला हिंसा रोकने के उल्लेखनीय कदम के लिए एडिशनल एसपी को महिलाओं ने किया सम्मानित।
हरदा- महिला हिंसा रोकने के लिए एसपी राजेश कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में उल्लेखनीय प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत जिले में जगह-जगह जनसंवाद कार्यक्रमों का आयोजन कर जहां एक ओर हक अधिकार से रूबरू कराया जा रहा है वहीं दूसरी ओर वी केयर फॉर यू, निर्भया अभियान, डायल 100 के जरिए 24 घंटे बेहतर सुरक्षा प्रदान कर उनके जीवन को निर्भय बनाया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को श्रमिक एरिया दूध डेयरी में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर महिलाओं ने एडिशनल एसपी हेमलता कुरील को पुष्पगुच्छ से सम्मानित किया।
एडिशनल एसपी ने श्रमिक एरिये में निवासरत महिलाओं, बालक बालिकाओं को जागरुक सचेत सतर्क करते हुए कहा कि यदि कोई पुरुष अश्लील हरकत, छेड़छाड़,अभद्र व्यवहार, गलत हरकत करता है तो उसकी रिपोर्ट निर्भय होकर थाने में लिखा सकते हैं। कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते की स्थिति में वी केयर फॉर यू योजना में सूचना देकर अपना नाम गोपनीय रखते हुए परेशानी से बचते हुए आरोपी के खिलाफ कार्यवाही करवा सकती हैं। उन्होंने पुरुष वर्ग को समझाइश दी कि यदि कोई पुरुष महिला हिंसा का अपराध करता है तो उसका भविष्य चौपट हो सकता है। आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज होने की स्थिति में सरकारी नौकरी के सारे अवसर हमेशा के लिए समाप्त हो जाते हैं। वेरिफिकेशन नहीं होने से हाथ में आई नौकरी चली जाएगी, उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया जाता है।
उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं से चर्चा कर उनकी समस्या को बड़ी सहजता से पूछा वी केयर फॉर यू के मोबाइल नंबर 70491 62400 को बताया इसका इस्तेमाल किसी भी समय कर सकती हैं। थाने में गए बिना इसका लाभ लिया जा सकता है। पोस्टो एक्ट 2012 के प्रावधानों के बारे में बताया कि मजदूर वर्ग की महिला के विरुद्ध अपराधों को गंभीरता से लिया जाता है। इनके निवास क्षेत्र में प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी तरीके से जागरूकता कार्यक्रमों का संचालन किया जाता है।
इस मौके पर बच्चों की जिज्ञासाओं को शांत करते हुए समस्याओं को सुना। शराबियों के उत्पात को रोकने के लिए गश्त बढ़ाने की बात कही, उन्होंने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि हर विपत्ति के समय हम आपके साथ हैं और मदद के लिए सदैव तत्पर है। महिलाओं की सुरक्षा मध्य प्रदेश पुलिस का पहला कर्तव्य है। जिसे निभाने में पुलिस कतई पीछे नहीं हटेगी। इस अवसर पर एएसआई अजय रघुवंशी, उप निरीक्षण श्रद्धा उईके, शारदा तिवारी आदि मौजूद थे। सभी ने समझाइश देकर जागरुक किया।
Comments