आरोप प्रत्यारोप का दौर चरम सीमा पर। खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे की तर्ज पर आरोप लगा रही कांग्रेस । जनता को गुमराह कर विकास को प्रभावित करने कुत्सित प्रयास।
मुकेश दुबे 9826036011
हरदा। कांग्रेसी द्रारा ऐसे आरोप लगाए जा रहे हैं जिसका कोई आधार ही नहीं है। जनता जनार्दन को गुमराह करने के अनर्गल आरोप पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष हेमंत टाले और कांग्रेस प्रवक्ता गगन अग्रवाल द्वारा लगाए जा रहे हैं। जो वास्तविकता से कोसों दूर है। यह बात नगर पालिका अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने लौहपुरुष से अनौपचारिक चर्चा के दौरान कही ।
*शिवराज और नपा अध्यक्ष जनता को दिखा रहे हैं सब्जबाग- टाले*
पूर्व नपाध्यक्ष हेमन्त टाले ने जारी प्रेसनोट में बताया कि अवैध कॉलोनियों को वैध करने की घोषणा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 8 वर्ष पूर्व ही कर दी थी। चुनाव के समय गली-गली भाजपा नेतागण इस घोषणा को दोहरा कर वोट मांगते हैं। अब विधानसभा का चुनाव नजदीक आ गया तो शिवराज सिंह चौहान ने आनन-फानन में वोट पाने की खातिर अवैध कॉलोनियों को वैध करने की घोषणा कर दी। श्री टाले ने कहा कि पूर्व में भी अवैध कॉलोनियों को वैध करने के लिए कॉलोनी नाइजर को एक निश्चित राशि नपा में जमा करना अनिवार्य था। जो अभी भी अनिवार्य है। इसमें शिवराज जी ने नया क्या किया।
* 8 वर्ष पूर्व की गई घोषणा पर अब चुनाव के पूर्व मोहर लगाने का तात्पर्य जागरूक जनता जानती है। सभी अवैध कॉलोनी के वासियों की आर्थिक स्थिति इतनी अच्छी नहीं है कि जन सहयोग राशि जमा कर सकें। ऐसे में कैसे अवैध कॉलोनियों को मूलभूत सुविधा दिलाएगी नगरपालिका। यह बड़ा ही गंभीर बिषय है।
*नपा में खुलकर हो रहा भ्रष्टाचार- अग्रवाल*
कांग्रेस प्रवक्ता गगन अग्रवाल ने प्रेस वार्ता में नपा अध्यक्ष सीएमओ एवं अधिकारियों पर आरोप लगाया कि यह सब एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं। जनता की खून पसीने की कमाई से अपना और अपने पसंदीदा ठेकेदारों को मालामाल करके खुल्लम-खुल्ला भ्रष्टाचार कर रहे हैं। श्री अग्रवाल ने कहा कि आरटीआई में प्राप्त प्रमाणित दस्तावेजों के अनुसार वार्ड में जैन मंदिर के पास स्थित नाले पर स्लैप डालने के लिए ऑनलाइन निविदा 2 मई 18 को जारी की गई ।जबकि उक्त नाले पर स्लैप का निर्माण कार्य पूर्व में ही हो चुका था। अपने चहेते ठेकेदार नवल किशोर झा के साथ मिलकर सिंगल प्राप्त निविदा को 10 परसेंट अधिक प्राप्त दर को स्वीकार कर नगरपालिका सीएमओ दिनेश मिश्रा ने 23 जुलाई 2018 को ठेकेदार को कार्य आदेश जारी किया था।
प्रवक्ता गगन अग्रवाल ने कहा कि वार्ड क्रमांक छह कि भाजपा पार्षद अनीता राठौर ने भी उक्त कार्य की निविदा जारी करने का विरोध कर परिषद को यह आपत्ति प्रस्तुत की थी कि यहा स्लैप है ।इसलिए दोबारा निविदा निकालना अनुचित है। किंतु इमानदार पार्षद की बातों को अनदेखा कर नपाध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने अपने और अपने चहेते ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के लिए पुनः ऑनलाइन निविदा निकाल दी।
* कांग्रेस को शहर का विकास हजम नहीं हो रहा- जैन*
नपा अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में आईएसआई प्रमाणित डी डी सी पाउडर की सप्लाई शुरू हुआ था जिसकी जांच कराई गई तो 50 कि ग्रा की बोरियों में 39 किलोग्राम से 40 किग्रा पाउडर पाया गया। जिसके कारण नगर पालिका परिषद द्वारा भुगतान रोक दिया गया। जिसका प्रकरण गगन अग्रवाल द्वारा हाईकोर्ट जबलपुर में लगाया गया है।नपा ई लाइब्रेरी पंडित दीनदयाल उपाध्याय में गगन अग्रबल द्वारा जनरेटर कि सप्लाई की गई । जिसकी फाइल नगर पालिका से गायब है ।लाख कोशिश के बाद भी नहीं मिलने की स्थिति में 10 लाख का भुगतान रोक दिया गया। जिससे द्वेष भावना से प्रेरित होकर आधारहीन आरोप लगाकर विकास को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं। जो हास्यास्पद है। *भाजपा के जनाधार और विकास को कांग्रेस पचा नहीं पा रही है बिना सिर पैर के आरोप लगाकर अपना उल्लू सीधा करने का षड्यंत्र कर रही है। पूर्व नपा अध्यक्ष हेमंत टाले के 5 साल एवं कांग्रेस के 8 साल के कार्यकाल के निर्माण व विकास कार्यों का मूल्यांकन किया जाए तो दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा।
* जनता को गुमराह कर रहे पूर्व नपाध्यक्ष हेमन्त टाले-मराठा।
पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष हेमन्त टाले जनता को गुमराह कर रहे हैं। अवैध कॉलोनियों को वैध करने की प्रक्रिया चल रही फिर भी गलत जानकारी देकर जनता को दिग्भ्रमित कर रहे यह आरोप नगर पालिका प्रवक्ता लोकेश राव मराठा ने लगाया। प्रदेश के मुखिया घोषणा ही नहीं कर रहे ,बल्कि जनता के विश्वास पर सौ फीसदी खरा उतरने की जी जान से कोशिश कर रहे हैं। जिससे भाजपा का जनाधार एवं वर्चस्व दिनों दिन बढ़ रहा है। नपा की 28 अवैध कॉलोनियों को वैध करने की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद विकास व निर्माण कार्यों को कराकर कालोनियों को सर्वसुविधायुक्त बना दिया जाएगा।
कलेक्टर के अनुमोदन के बाद कुछेक कार्यों का श्रीगणेश हो चुका है। सर्वे कराकर वार्डो में सड़क, नाली, खाली प्लाट, बने मकानो, बच्चों के मनोरंजन हेतु पार्कों का निर्माण को हरी झंडी दी जाएगी। भवन निर्माण कराए जाने, आवास निर्माण के लिए ऋण सुविधा प्राप्त हो इसके लिए विशेष प्रयास किया जा रहा है। जनहित में सिर्फ 20 प्रतिशत नागरिकों से ली जा रही है। शेष राशि शासन से व्यय कर विकास कार्यों को करवाया जाएगा। कांग्रेस के 8 वर्षों के कार्यकाल पर नजर दौड़ाई जाए तो जनता को झूठे आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला। जिसका खामियाजा कांग्रेस भुगत रही है। स्वार्थ की राजनीति कांग्रेस जहां जनता को गुमराह कर रही है वही विकास में रोड़ा अटका कर उसे प्रभावित कर रही है। इसके लिए जागरूक जनता कभी माफ नहीं करेगी।
Comments